बालोद में रेत माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा शिकंजा: दो दिन में 9 वाहन जब्त, गुण्डरदेही-अर्जुंदा में लगातार कार्रवाई जारी
बालोद, 27 मई 2026
बालोद जिले में खनिज रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश पर खनिज विभाग ने गुण्डरदेही विकासखंड में औचक निरीक्षण कर अवैध रेत परिवहन करते पाए जाने पर 4 वाहनों को जब्त किया।
जिला खनिज अधिकारी के अनुसार कार्रवाई के दौरान रेत से भरी तीन हाईवा वाहन क्रमांक सीजी 17 केएन 2793, सीजी 07 बीएन 7715 और सीजी 08 एके 4335 के साथ एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया गया। सभी वाहनों को थाना एवं आरक्षी केंद्र गुण्डरदेही की अभिरक्षा में रखा गया है।
अधिकारियों ने बताया कि मामले में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में भी अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण करने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी।
इससे पहले भी खनिज विभाग ने 23 मई को गुण्डरदेही विकासखंड के ग्राम सिकोसा, खेरूद, बघमरा, चिचलगोंदी, देवरी खुर्द, रेंगकठेरा और अर्जुंदा क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर कार्रवाई की थी। उस दौरान अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण करते पाए जाने पर 5 वाहनों को जब्त किया गया था। इनमें रेत से भरी 3 हाईवा और 2 ट्रैक्टर शामिल थे, जिन्हें गुण्डरदेही और अर्जुंदा थाना की अभिरक्षा में रखा गया है।
जिला खनिज अधिकारी प्रवीण चंद्राकर ने बताया कि जिले में अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों पर नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे।






