वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

रजही डैम में नहाने गए प्रयास विद्यालय के छात्र की डूबकर मौत, सात घंटे बाद मिला शव

रजही डैम में नहाने गए प्रयास विद्यालय के छात्र की डूबकर मौत, सात घंटे बाद मिला शव

बालोद, 27 मई 2026

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में दल्लीराजहरा के पास स्थित रजही डैम में नहाने गए प्रयास विद्यालय के छात्र की डूबने से मौत हो गई। घटना मंगलवार की बताई जा रही है। लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद एसडीआरएफ की टीम ने देर शाम छात्र का शव डैम से बाहर निकाला।

 

पुलिस से आज मिली जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान मानपुर चौक खम्हारटोला निवासी 17 वर्षीय अनीश कौशल के रूप में हुई है। अनीश रायपुर स्थित प्रयास विद्यालय में कक्षा 11वीं का छात्र था और गर्मी की छुट्टियों में अपने घर आया हुआ था।

 

बताया गया कि अनीश अपने तीन-चार दोस्तों के साथ दल्लीराजहरा शहर से करीब छह किलोमीटर दूर रजही डैम घूमने और नहाने गया था। सभी युवक कार के टायर में हवा भरकर पानी में तैर रहे थे। इसी दौरान टायर पानी की लहरों के साथ गहरे हिस्से की ओर बहने लगा। टायर को पकड़ने के प्रयास में अनीश गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।

परिजनों के अनुसार अनीश को अच्छी तरह तैरना नहीं आता था। जिस स्थान पर वह डूबा वहां करीब 30 फीट गहरा पानी बताया गया है। घटना के बाद उसके साथियों ने शोर मचाकर आसपास मौजूद लोगों और परिजनों को सूचना दी।

मृतक

 

सूचना मिलते ही सीएसपी विकास पाटले पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की सहायता से तत्काल खोजबीन शुरू की गई, लेकिन डैम की अधिक गहराई और दलदली हिस्से के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी परेशानी आई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने करीब सात घंटे तक जाल और कांटों की मदद से तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

 

इसके बाद दुर्ग से एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। देर शाम टीम आधुनिक उपकरणों और बोट के साथ मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद छात्र का शव बाहर निकाल लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

अनीश दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता का निधन बचपन में ही हो गया था और उसकी मां मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती है। स्थानीय लोगों के मुताबिक अनीश पढ़ाई में काफी मेधावी छात्र था। घटना के बाद पूरे मोहल्ले और परिवार में शोक का माहौल है।

 

स्थानीय नागरिकों ने रजही डैम में पहले भी डूबने की घटनाएं होने का हवाला देते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है। लोगों ने डैम क्षेत्र में चेतावनी बोर्ड, फेंसिंग और सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाने की मांग प्रशासन से की है।

Bebak Khabar 24
Author: Bebak Khabar 24

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें