वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

भाटापारा में भीषण अग्निकांड, इमारत ढही; बचाव अभियान में नगर सेना का जवान घायल

भाटापारा, 29 मई 2026 

भाटापारा शहर के व्यस्त हटरी बाजार क्षेत्र में गुरुवार देर रात भीषण आग लगने से दो व्यावसायिक प्रतिष्ठान जलकर खाक हो गए। आग पर काबू पाने के दौरान एक पुरानी इमारत अचानक ढह गई, जिसकी चपेट में आने से नगर सेना का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग सबसे पहले एक कपड़ा दुकान में दिखाई दी, जो कुछ ही देर में पास स्थित मोबाइल दुकान तक फैल गई। तेज गर्मी और हवाओं के कारण आग तेजी से भड़कती चली गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए भाटापारा, बलौदा बाजार, अंबुजा सीमेंट रावण और अल्ट्राटेक सीमेंट हिरमी की फायर यूनिटों को भी राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया।

आग बुझाने के दौरान अत्यधिक गर्मी और संरचनात्मक कमजोरी के कारण संबंधित भवन अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में नगर सेना के जवान कृष्णा खुंटे घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रायपुर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि उनके पैर में गंभीर चोट आई है।

दमकल कर्मियों ने पूरी रात मशक्कत कर शुक्रवार सुबह आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। हालांकि प्रशासन द्वारा वास्तविक क्षति का आंकलन कराया जा रहा है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हाल के दिनों में जिले में आगजनी की यह दूसरी बड़ी घटना मानी जा रही है।

Bebak Khabar 24
Author: Bebak Khabar 24

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें