कोरबा, 07 अप्रैल 2026
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में SECL (साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) में कार्यरत राहुल और उनके माता-पिता शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा खड़गवां रोड पर कल्याणपुर के पास हुआ, जहां एक मारुति फ्रोंक्स कार और तेज रफ्तार ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार तीनों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक राहुल कुसमुंडा खदान में कार्यरत थे और अपने माता-पिता के साथ यात्रा कर रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने कुछ घंटों बाद ट्रक में आग लगा दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।













